
देहरादूनः टिहरी गढ़वाल में कीर्तिनगर तहसील के मलेथा गांव में एक पुराना मकान ढह गया, जिसके मलबे में दबने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। आधा घंटे पूर्व ही बुजुर्ग महिला ने प्रधान से अपने जर्जर मकान की मरम्मत कराने की मांग की थी।
प्रधान ने मकान की मरम्मत न होने तक महिला को अन्यत्र रहने को कहा था, लेकिन इस बीच यह हादसा हो गया। मलेथा गांव में एक जर्जर मकान के ढहने से 70 वर्षीय रोशनी देवी की दबने से मौत हो गई। वह सालों से इस मकान में अकेली रह रही थी, जबकि उसके बेटे अपने परिवार सहित दूसरे भवन में रहते हैं।
प्रधान अंकित कुमार ने बताया कि शनिवार अपराह्न करीब ढाई बजे जब वह गांव में सैनिटाइजेशन व मास्क वितरण का कार्य कर रहे थे, तब रोशनी देवी के घर भी गए थे। रोशनी देवी ने अपने जर्जर भवन को दिखाते हुए मरम्मत का अनुरोध किया था, जिस पर उन्होंने उन्हें दूसरे मकान में रहने को कहा। इस दौरान ग्राम प्रधान ने राजस्व विभाग को दिखाने के लिए प्रमाण के तौर पर रोशनी देवी के मकान की फोटो भी ली थी। फोटो लेकर वह घर ही पहुंचे थे कि उन्हें सूचना मिली की मकान ढह गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला घटना के वक्त घर के अंदर ही थी। वह मलबे में दब गई। कोतवाल रविंद्र यादव ने बताया कि मलबे से बाहर निकालने तक महिला दम तोड़ चुकी थी। उन्होंने बताया कि भवन काफी पुराना था। बारिश के बाद धूप आने से भवन ध्वस्त हो गया।





