
उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक यात्रियों से भरा वाहन गहरी खाई में गिर गया है। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि वाहन के परखच्चे उड़ गए है। हादसा पौड़ी जिले के द्वारीखाल के सिलोगी-जाखणीखाल-अमोला मोटर मार्ग पर हुआ है। यहां एक मैक्स वाहन गहरी खाई में जा गिरा। वाहन केदुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई. घटना देर रात की बताई जा रही है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
दरअसल, द्वारीखाल के सिलोगी-जाखणीखाल-अमोला मोटर मार्ग पर ग्राम बड़ेथखाल के पास मैक्स वाहन गहरी खाई में गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई. मैक्स सिलोगी से अमोला की ओर जा रही थी. बता दें कि ग्राम अमोला निवासी सतपाल सिंह पुत्र माल सिंह, कमल सिंह पुत्र बचन सिंह और राहुल सिंह पुत्र मातबर सिंह रात सिलोगी से अपने गांव अमोला जा रहे थे. मैक्स वाहन को सतपाल सिंह चला रहा था। हादसे की सूचना बड़ेथखाल के ग्रामीणों ने पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों व्यक्तियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चैलूसैंण ले गये. जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
वहीं, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह राणा ने बताया कि इस दुःख की घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ खड़ा हूं. मेरी सरकार से मांग है कि तत्काल प्रभाव से मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दी जाए. उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बात कर मृतकों का पोस्टमॉर्टम चैलूसैंण में ही करने की मांग की है.






