
राजधानी देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां डोईवाला थानो रोड पर बना फ्लाईओवर का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे में तीन बच्चों सहित एक साइकल सवार घायल हो गया है। हालांकि रात का वक्त और लॉकडाउन होने के चलते क्षेत्र में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुल के गिरने से रातभर आवाजाही बंद रही.
इस हादसे में साइकिल सवार एक युवक घायल हो गया. वहीं, घटना में तीन बच्चे दबने से बाल-बाल बच गए. बच्चों को मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद से ही लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. वहीं साल पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा रायपुर देहरादून मार्ग पर बड़ासी में एक पुल का हिस्सा बिना बारिश के ही भरभराकर गिर गया।
बता दें कि, जब से यह फ्लाईओवर बना है तभी से विवादों में घिरा है. कई बार स्थानीय लोग फ्लाईओवर को लेकर मुखर दिखे. बीती रात डोईवाला के बड़ासी थानों फ्लाईओवर का एक हिस्सा नीचे गिर गया है.
ग्रामीण महिपाल सिंह ने बताया कि मार्ग को दुरुस्त करने के लिए दो मशीनें लगाई गई हैं. ग्राम प्रधान नितिन रावत ने बताया कि पुल के एक हिस्से के गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई है. मार्ग को बंद रखा गया है. मलबा हटाने में समय लग सकता है. उन्होंने कहा कि पुल के बनते समय ही ग्रामीणों ने घटिया कार्य को लेकर विरोध किया था, लेकिन ग्रामीणों की आवाज को अनसुना कर दिया गया था.
पुल का एक हिस्सा गिरने से लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. इसी मार्ग पर भोपाल पानी के पास भी पुल के बनने के बाद पुल का एक हिस्सा गिर गया था. जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दो इंजीनियर सस्पेंड किए थे. अब ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.







