
देहरादूनः केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव कुमार बालियान के भाई जितेंद्र कुमार बालियान (53 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम कुटबी मुज्जफरनगर(उत्तरप्रदेश) का एम्स ऋषिकेश में निधन हो गया। वे कोविड संक्रमित थे। जितेंद्र कुमार बालियान के पार्थिव शरीर को उनके बड़े भाई केंद्रीय मंत्री अपने पैतृक गांव ले गए हैं।
जितेंद्र कुमार बालियान को कुछ दिन पूर्व कोरोना संक्रमण के कारण एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया था। जहां मंगलवार सुबह तीन बजे उनका निधन हो गया। एम्स पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि उप जिलाधिकारी से अनुमति जारी होने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव कुमार बालियान अपने भाई के पार्थिव शरीर को कोविड गाइडलाइन के अनुरूप अपने पैतृक गांव मुजफ्फरनगर ले गए हैं। केंद्रीय मंत्री के भाई के निधन की सूचना पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एम्स पहुंचे और केंद्रीय राज्य मंत्री को सांत्वना दी।
प्रदेश में तीन लाख के करीब पहुंची संक्रमितों की संख्या
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी होने लगी है, लेकिन मौत के मामले कम नहीं हो रहे रहे है। सोमवार को प्रदेश में 136 कोरोना मरीजों की मौत हुई थी और 3719 संक्रमित मिले थे। जबकि 87 मौत बैकलॉग की भी सोमवार को जोड़ी गई हैं। जो जनपद हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर से संबंधित हैं।
इस तरह सोमवार को कुल मौत 223 दर्ज की गई हैं। वहीं, सोमवार को 3719 संक्रमित मिले हैं। जबकि 3647 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। कुल संक्रमितों की संख्या 291005 हो गई है। प्रदेश में मौत का आंकड़ा पांच हजार पार हो गया है। अब तक 5034 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 202177 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 78608 सक्रिय मरीजों का उपचार किया जा रहा है।






