
नैनीताल। शहर के समीपवर्ती ताकुला क्षेत्र में हल्द्वानी से नैनीताल को आ रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार चालक बीच में ही गाड़ी से छटककर दूर जा गिरा जिससे उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को खाई से बाहर निकाल लिया है। फिर भी परीक्षण और प्राथमिक उपचार के लिए उसे बीडी पांडे अस्पताल भिजवा दिया गया है।
पालिका पूर्व सभासद कृष्णापुर निवासी दीप नारायण बिष्ट मंगलवार को हल्द्वानी से अपनी कार संख्या यूए-04-ई-6203 से नैनीताल की ओर आ रहे थे। ताकुला के पास अचानक उनके वाहन ने नियंत्रण खो दिया और कार खाई में गिर गयी। गनीमत रही कि वह बीच में ही कार से छटक कर दूर जा गिरे। जबकि कार करीब 200 मीटर नीचे जाकर एक पेड़ से अटक गई। राहगीरों ने ही सड़क किनारे पैराफिट टूटा होने और खाई से चीखने चिल्लाने की आवाज सुन स्थानीय लोगों को एकत्रित किया।
सूचना पाकर तल्लीताल एसआई दीपक बिष्ट, शिवराज राणा, राजकुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर कार चालक को खाई से बाहर निकाला। एसआई ने बताया कि बीच में ही छटक जाने के कारण चालक को कोई गंभीर चोटें नहीं आई, जबकि का गहरी खाई में गिरी है। फिर भी चालक को प्राथमिक उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल भिजवा दिया गया है।






