
नई दिल्ली
: सागर पहलवान की हत्या के मामले में फरार पहलवान सुशील कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. शनिवार शाम से उसके पंजाब में सरेंडर करने की खबरें आईं थी, जिसकी पुष्टि पुलिस की तरफ से नहीं की गई है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आज उसे उसके साथी संग दिल्ली में धर दबोचा है. यह जानकारी स्पेशल सेल के स्पेशल एसपी ने दी.
बता दें कि, बीते 4 मई को छत्रसाल स्टेडियम पर सागर पहलवान एवं उसके दो साथियों अमित और सोनू महाल को पीटा गया था. इसकी वजह से अस्पताल में सागर की मौत हो गई थी. इस घटना को लेकर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. FIR दर्ज होने के बाद से ही सुशील पहलवान फरार चल रहा है. उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी है और रोहिणी कोर्ट से उसकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी है. उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित है।
कई टीम उसकी तलाश में थीं
फरार चल रहे सुशील पहलवान की तलाश में कई टीमें लगी हुईं थी. मॉडल टाउन थाना पुलिस, स्पेशल स्टाफ, क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल भी उसकी तलाश में दबिश दे रही है. सूत्रों का कहना है कि वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस के साथ लगभग 18 दिन से आंखमिचौली खेल अब खत्म हो चुका है. सेशन कोर्ट से उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने की उम्मीद नहीं है. उस पर लगे आरोप बेहद गंभीर हैं, जिसके चलते अग्रिम जमानत मिलना मुश्किल है।
इससे पहले, रविवार की सुबह दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहना था कि पहलवान सुशील कुमार को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। दिल्ली पुलिस की एक टीम पंजाब में मौजूद है। उसकी तलाश की जा रही है।
वहीं सुशील कुमार की तलाश में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के अलावा यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और अब पंजाब में ताबड़तोड़ छापेमारी की। दिल्ली में कई ठिकानों पर पुलिस ने छापा मारा लेकिन सुशील का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस को सबसे पहले सुशील के उत्तराखंड जाने की जानकारी मिली थी। उसके बाद से पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच राज्यों में दबिश दे रही थी।





