कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल बोले  3200 नौकरियों की सूची तैयार है अब हरीश रावत संन्यास लेने की तैयारी कर ले

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल बोले  3200 नौकरियों की सूची तैयार है अब हरीश रावत
संन्यास लेने की तैयारी कर ले

भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री और शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को चुनौती दी कि वह संन्यास लेने की तैयारी कर लें, क्योंकि प्रदेश सरकार में पौने पांच साल में 11056 लोगों को नौकरी दी जा चुकी है
और 8527 पदों पर चयन की प्रक्रिया चल रही है,
जबकि 4097 पदों के लिए विज्ञापन जारी होना है
कुल मिलाकर 23680 पदों में से या तो चयन हो चुके हैं या भर्ती प्रक्रिया चल रही है।

भर्ती के आंकड़ों के जरिये पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा
उन्होंने उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से हुई भर्ती के आंकड़ों के जरिये पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उनियाल ने कहा कि हरीश रावत स्थान और समय बताएं, वह 3200 भर्तियों की सूची लेकर आ रहे हैं ताकि वे संन्यास ले सकें। उनियाल प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। वह खनन और सरकारी नौकरियों के आंकड़े साथ लेकर आए।

 

उनियाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल बयान दिया था कि भाजपा सरकार में 3200 नौकरियां भी दी गई होंगी तो वह राजनीति से संन्यास ले लें। आंकड़ों के जरिये शासकीय प्रवक्ता ने कहा कि अब उन्हें संन्यास लेने की तैयारी कर लेनी चाहिए। उन्होंने रावत पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। कहा कि बढ़ती उम्र में उनकी याददाश्त कमजोर पड़ने लगी है। एक प्रश्न के उत्तर में उनियाल ने कहा कि सभी बेरोजगारों को सरकारी नौकरी नहीं दी जा सकती है, इसलिए सरकार का रोजगार आधारित योजनाओं पर फोकस है।

पौने पांच साल में 11056 लोगों की लगी नौकरी

उनियाल के मुताबिक, पौने पांच साल में प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में 11056 नियुक्तियां कीं। इनमें 3412 पदों पर उत्तराखंड राज्य लोक सेवा आयोग और 7644 पदों पर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयन किया गया।

उन्होंने बताया कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में 7089 पदों पर चयन की प्रक्रिया गतिमान है
2622 पदों के लिए विज्ञप्ति जारी होनी है। वहीं लोकसेवा आयोग में 1438 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। आयोग में सीधी भर्ती के 1455 पदों पर विज्ञापन का प्रकाशन होना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here