उत्तराखंड के गौरव ने लंदन में बजाया जीत का डंका, 13 साल से जीत रहे पेग को हराकर बने काउंसलर


देहरादून:उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के ग्राम चामी के मूल निवासी गौरव पांडे ने लंदन के डर्बी शहर में हुए निकाय चुनाव में काउंसलर पद पर जीत हासिल की है। लगातार पांच बार हारने के बाद छठे प्रयास में जीते गौरव ने अपनी जीत का श्रेय पत्नी गिन्नी सच्चर को दिया है।

गौरव का कहना है कि सफलता पाने के लिए कठिन परिश्रम और कुछ कर गुजरने की जिद होनी जरूरी है। अगर इरादा पक्का हो और मंजिल तय हो तो सफलता देर-सबेर मिलकर ही रहेगी।

इस बार उन्होंने 13 साल से जीत रहे पॉल जेम्स पेग को हराकर जीत हासिल की। पेग को 1034 जबकि गौरव को 1227 मत हासिल हुए। उन्होंने मैकवर्थ एंड मॉर्ले वार्ड से कंजर्वेटिव पार्टी के प्रत्याशी के रूप में यह चुनाव जीता है। निकाय चुनाव में गौरव समेत चार लोगों ने दावेदारी की थी।

गौरव के मामा मुकेश जोशी अल्मोड़ा में हुक्का क्लब के पास रहते हैं। मुकेश और उनके परिजनों ने गौरव की जीत पर खुशी जाहिर की। उक्रांद के केंद्रीय संगठन मंत्री गिरीश गोस्वामी ने भी गौरव की जीत पर प्रसन्नता जताई है।

फोन पर हुई बातचीत में गौरव ने बताया कि वह बचपन में तीन बार चामी गांव आए थे। पहली बार वह वर्ष 1982 में आए थे। उस समय उनकी उम्र छह वर्ष थी। दो साल बाद वर्ष 1984 में गांव में भोलेनाथ के जागर में शामिल होने के लिए वह परिवार के साथ आए थे। 11 वर्ष की उम्र में 1987 में वह एक बार फिर से गांव आए थे। इसके बाद उनका गांव आना नहीं हो सका।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here