
चमोली। पुंछ में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद उत्तराखंड के जांबाज सैनिक योगंबर सिंह भंडारी का पार्थिव शरीर पोखरी (चमोली) पहुंचा, जहां विधायक महेंद्र भट्ट सहित स्थानीय निवासियों ने उनके अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए। शहीद के अंतिम दर्शन को सड़क पर नागरिक सुबह से खड़े थे। दोपहर तक शहीद का पार्थिव शरीर गांव पहुंचेगा, जिसके बाद निगोल नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के सांकरी गांव निवासी शहीद राइफलमैन योगंबर सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को पोखरी पहुंचा। यहां उनके अंतिम दर्शन को जन सैलाब उमड़ पड़ा। जांबाज का पार्थिव शरीर सांकरी गांव पहुंचेगा। यहां अंतिम दर्शन के बाद निगोल नदी तट के पैतृक घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। गौरतलब है कि जम्मू के पूंछ जिले के नाढ़खास में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में योगंबर सिंह शहीद हो गए थे।
परिजनों के नहीं थम रहे आंसू
योगंबर की याद में परिजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। योगंबर की मां हर समय बेटे को ही पुकार रही हैं। शोक में डूबे परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे लोगों के भी आंसू छलक रहे हैं। योगंबर के दीपावली पर घर आने की राह देख रहे माता-पिता, पत्नी, बहन, भाई सहित पूरे परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट गया है।
योगंबर की मां जानकी देवी और पत्नी कुसुम बेसुध हैं। योगंबर के पिता वीरेंद्र भंडारी के भी आंसू नहीं थम रहे हैं। पूरे सांकरी गांव में शोक का माहौल है।











