देवभूमि में चुनावी शंखनाद के साथ अमित शाह बताएंगे टिहरी से रानी या फिर बहुगुणा ?
त्रिशक्ति सम्मेलन के जरिये शाह देंगेे जीत का मंत्र, बताएंगे हरिद्वार से निशंक या कौशिक ?
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कल होने जा रहे त्रिशक्ति सम्मेलन के लिये भाजपा ने पूरी ताकत झोंकी हुई है। राज्य की पांचों लोकसभा सीटों पर साल 2019 में भी अपना कब्जा बरकरार रखने को लेकर भाजपा नेतृत्व पूरी तहर अलर्ट है। इसमें किसी भी स्तर पर ढील न हो, लिहाजा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह खुद शनिवार को देहरादून में जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही अन्य स्तरों से लोकसभा चुनाव की तैयारी का फीडबैक लेंगे। देहरादून का अधिकांश हिस्सा टिहरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत है जबकि हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र की तीन विधानसभा सीट भी देहरादून जिले में ही स्थित हैं। इसी कारण देहरादून को राज्य में पहले त्रिशक्ति सम्मेलन के लिए चुना गया।
त्रिशक्ति सम्मेलनों के जरिये भाजपा के लोकसभा सीटों के दावेदार अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने की भी तैयारी में हैं। दून के पहले सम्मेलन में टिहरी व हरिद्वार लोकसभा सीटों के दावेदार अपना दम दिखाएंगे। हालांकि दोनों सीटों पर सिटिंग सांसद भाजपा के ही हैं लेकिन इसके बावजूद टिकट के तलबगार नेताओं की तादाद भी खासी है। सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक हरिद्वार के लिए तो सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक मुन्ना सिंह चैहान और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा टिहरी सीट के लिए मुख्य दावेदारों में शामिल हैं। अब देखना होगा इस सम्मेलन के बहाने किसको शाह का आर्शिबाद प्राप्त होता है। जिस तरह टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार में टिकट को लेकर जिस तरह लगातार सियासत गर्माई हुई है। इस सम्मेलन के बहाने उसमें से कुछ पर्दा हटने के आसार दिखाई दे रहे हैं। अब देखना होगा शाह का आर्शिबाद किसे मिलेगा।