
देहरादून: उत्तराखंड में आज से तीन दिन का विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। वहीं सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा के कर्मचारियों समेत कई विधायकों ने योग किया। सदन में सबसे पहले दिवंगत 5 विधायकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई, जिनमे सत्ता पक्ष के सुरेंद्र सिंह जीना, अनुसूया प्रसाद मैखुरी, तेजपाल सिंह पवार और स्वर्गीय सुंदर लाल मंद्रवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कोरोना पॉजिटिव होने के चलते मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से सदन की कार्यवाही से जुड़े। विस सत्र के शुरू में सोमवार को 4063.79 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया गया। राजस्व मद में 2071.42 करोड़ और पूंजीगत मद में 1992.37 करोड़ का प्रविधान किया गया। सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। संसदीय कार्य मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि कल अनुपूरक बजट पर विस्तार से सदन में चर्चा की जाएगी।





