
अब हफ्ते में तीन दिन दौड़ेगी टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन, सीएम ने रेल मंत्री का जताया आभार
खटीमा: रेल मंत्रालय ने दीपावली से पहले बड़ा तोहफा दिया है. उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल को कुमाऊं से जोड़ने वाली टनकपुर से देहरादून रेल सेवा अब हफ्ते में तीन दिन चलेगी. पहले ये ट्रेन सिर्फ सप्ताह में एक दिन चलती थी. इस ट्रेन के हफ्ते में तीन दिन चलने से सीमांत के लोगों को काफी फायदा मिलेगा.
दीपावली से पहले सीएम धामी के प्रयासों से टनकपुर-देहरादून रेल सेवा को सप्ताह में तीन दिन संचालित करने का रेल बोर्ड ने निर्णय लिया है, जिसका रेल बोर्ड द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है. रेलवे की इस घोषणा को कुमाऊं से गढ़वाल को रेल सेवा से जोड़ने व रेल सेवा को ओर बेहतर करने के रूप में देखा जा रहा है.
दरअसल, रेलवे विभाग ने सीएम धामी की विधानसभा चंपावत के टनकपुर से देहरादून रेल सेवा को एक दिन की जगह अब तीन दिन संचालित करने का फैसला लिया है. रेल विभाग ने रेल बोर्ड के माध्यम से इसका आदेश भी जारी कर दिया है, जिससे सीमांत क्षेत्र के लोगों में रेल सेवा के विस्तार से खुशी का माहौल है.
रेल विभाग के आदेशों के अनुसार रेल मंत्रालय भारत सरकार ने देहरादून-टनकपुर एक्सप्रेस (15019/15020) की सेवा आवृत्ति को साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि-साप्ताहिक (तीन दिन) करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है. इस संबंध में रेल मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया है.
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर-देहरादून रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर अधिक किए जाने को लेकर प्रयास किए थे. इसको लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आठ अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात भी की थी. इस दौरान दोनों के बीच विस्तृत चर्चा भी हुई थी.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए टनकपुर-देहरादून रेल सेवा को सप्ताह में तीन बार चलाने की स्वीकृति प्रदान की.
नई समय सारिणी के अनुसार 15019 देहरादून-टनकपुर एक्सप्रेस अब बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी. पूर्व में केवल रविवार को ही उक्त ट्रेन टनकपुर देहरादून चलती थी. रेल विभाग के आदेश अनुसार अब 15020 टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस अब मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी. रेल सेवा वृद्धि यात्रियों की बढ़ती मांग और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए की गई है. रेल मंत्रालय ने उत्तराखंड के यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस निर्णय को शीघ्र प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देहरादून-टनकपुर रेल सेवा के विस्तार से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा. यह न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं. राज्य के कई हिस्सों में रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है, जिससे आने वाले समय में पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल संपर्क सुनिश्चित होगा.





