
देहरादून: एक अप्रैल से शुरू होने वाले हरिद्वार कुंभ के लिए अब एक दिन शेष बचा है। ऐसे में शासन-प्रशासन के लिए बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच सुरक्षित कुंभ कराना बड़ी चुनौती है। इसको लेकर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार ने कहा कि, 12 अप्रैल से 14 अप्रैल भारी भीड़ रहने की सम्भावना है, प्रत्येक दिन लगभग 50 लाख लोग आ सकते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबन्धन और ट्रेफिक बड़ी चुनोती है। उन्होंने कहा कि, कुंभ में आने वालों को केंद्र सरकार की सभी गाइडलाइन्स का पालन करना अनिवार्य होगा। साथ ही जिन 12 राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ रहे हैं, उन्हें उत्तराखंड आने के लिए आरटीपीसीआर कोविड रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। डीजीपी ने कहा कि फ़ोर्स और अन्य संसाधन के साथ हम पूरी तरह तैयार हैं।
आपको बता दें कि, हरिद्वार कुंभ के संबंध में औपचारिक अधिसूचना के अनुसार, एक अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच 12 अप्रैल, 14 अप्रैल और 27 अप्रैल को तीन दिन प्रमुख शाही स्नान होंगे। वहीं कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण उत्तराखंड आने के लिए 12 राज्यों से आने वालों के लिए आरटीपीसीआर कोविड रिपोर्ट अनिवार्य की गई है. इन 12 राज्यों में महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ शामिल हैं।





