
उत्तराखंड में बारिश का कहर, पति-पत्नी और बेटे समेत चार की दर्दनाक मौत, पिता-पुत्र नदी की तेज धारा में बहे
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में रह रह के हो रही बारिश मुसीबत का शबब बन गई है। रविवार को कुमाऊं में भारी बारिश के कारण जहां चार लोगों की मौत हो गई वहीं पिता-पुत्र नदी की धारा में बह गए।
रविवार को कुमाऊं में भारी बारिश के कारण जहां चार लोगों की मौत हो गई वहीं पिता-पुत्र नदी की धारा में बह गए। बागेश्वर जिले में भूस्खलन के कारण घर जमींदोज हो गया। हादसे में पति-पत्नी समेत एक बच्चे की मौत हो गई। नकरपुर में बरसाती नाले में बाइक सवार महिला की बहने से मौत हो गई। बाइक चालक की जिंदगी जैसे-तैसे बची। वहीं अल्मोड़ा के सल्ट में मरचूला गांव के पास रामगंगा में मुरादाबाद निवासी पिता पुत्र बह गए। उनकी तलाश जारी है।
बागेश्वर में भूस्खलन से एक परिवार के तीन लोगों की मौत
बागेश्वर जिले में मूसलाधार बारिश व ओलावृष्टि हुई। बारिश से सबसे अधिक नुकसान कपकोट ब्लॉक में हुआ है। कपकोट ब्लॉक के सुमगढ़ गांव के इटावन तोक में एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। मकान में रह रहे तीन लोग गोविंद सिंह पांडा पुत्र प्रताप सिंह, खश्टी देवी पत्नी गोविंद सिंह व हिमांशु 8 वर्ष मलबे में दब गए। जिनकी मौत हो गयी है। वहीं एक बच्चे ने किसी तरह से मलबे से निकलकर जान बचाई। तड़के तीन बजे का समय होने के कारण घर वालों को बचने का भी मौका नहीं मिला। गांव वालों के अनुसार सभी एक ही परिवार के हैं। गांव से आठ किलोमीटर पहले मार्ग भी बंद है। जिससे आपदा राहत, खोजबीन में देरी हो हुई
अल्मोड़ जिले में नदी की तेज धारा में बहे पिता-पुत्र
अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में मरचूला गांव के पास रामगंगा में मुरादाबाद से आए कुछ लोग रामगंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसर बीच नदी में पानी का स्तर ऊपर उठने लगा। पानी बढ़ता देख के बीच में जाकर स्नान कर रहे कुछ लोग तो किसी तरह बचकर किनारे निकल आए। लेकिन कुछ लोग वहीं फंस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने रस्सियां फेंक कर उन्हें भी नदी से बाहर निकाला। इसी दौरान पिता-पुत्र पानी में बह गए। ग्रामीणों के अनुसार बेटा तो रस्सी पकड़ कर निकलने ही वाला था कि अचाक उसके हाथ से रस्सी छूट गई और वह भी पानी में बह गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से दोनों की मलाश शुरू की लेकिन वे अब तक नहीं मिल सके हैं। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घटना दोपहर एक बजे की है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पंत ने बताया कि बहने वाले दोनों लोग मुरादाबाद निवासी बताए जा रहे है। वे यहां अपने परिवार के साथ नहाने के लिए आए थे। पंत ने बताया कि दोनों की तलाश जारी है। सर्च आपरेशन के लिए एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है।
टनकपुर में शनिवार की रात दो बजे से मूसलधार बारिश हो रही है। जिससे नदी और बरसाती नाले उफान पर आ गए हैं। रविवार को मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं की बाइक संख्या- यूके 94एए, 3270 ठूलीगाड़ से आगे रानीमोड़ के पास उफनाते नाले में बह गई। इस घटना में बाइक सवार आरती यादव (22) पुत्री कोमल यादव, निवासी बंगाली कालोनी, लालकुंआ, जिला नैनीताल की मौत हो गई। जबकि शिवम गिरी (23) पुत्री अशोक गिरी, निवासी बंगाली कालोनी, लालकुआं जिला नैनीताल तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।





