उत्तराखंड: इस जिले में पुलिस की शानदार पहल, शादी में शराब का विरोध करने वाली दुल्हन को मिलेगा 10 हजार का ईनाम

DULHAL SHARAB

टिहरी: शादी- समारोह में शराब के बढ़ते प्रचलन को रोकने के लिए देवप्रयाग में एक खास पहल की गई है। यहां पुलिस प्रशासन ने निजी स्तर से इस योजना को ‘भुली कन्यादान योजना’ नाम दिया है। इसके तहत जो लड़की अपनी शादी में कॉकटेल पार्टी का विरोध करेगी, उसे पुलिस दस हजार रुपये की राशि ‘भुली कन्या दान’ के तौर पर पुरस्कार के रूप में देगी। थाना क्षेत्र के सभी 101 गांवों में इसकी शुरुआत की जायेगी। खास बात यह है कि पुरस्कार राशि पुलिस स्टाफ अपने वेतन से देगा। 

देवप्रयाग पुलिस ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत शादी-समारोह में शराब पीने के बढ़ते प्रचलन को रोकने के लिए नई पहल शुरू की है। थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि सामाजिक बुराई के तौर पर शादियों में शराब का प्रचलन तेजी से जगह बनाता जा रहा है। शादियों में कॉकटेल पार्टियां वधु पक्ष की ओर से भी की जा रही हैं। जबकि सामाजिक दबाव के कारण ज्यादातर लड़कियां इसका विरोध नहीं कर पाती हैं। कॉकटेल पार्टियों में कई बार मारपीट और हंगामे की नौबत आ जाती है, जिसके कारण आपसी कलेश बढ़ता है।

कहा थाना क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों की एक बैठक इसी मुद्दे पर थाना परिसर में आयोजित हुई। विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधानों ने देवप्रयाग पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए पुलिस की ओर से इसे सकारात्मक कदम बताया। कहा इससे समाज में जहां नई जागरूकता आयेगी वहीं धन की बर्बादी पर रोक लगाने में काफी हद तक मदद भी मिलेगी। साथ ही शराब से तबाह हो रहे परिवारों को भी राहत मिलेगी। बैठक में ग्राम प्रधान दीपक बेडवाल, उमेर सिंह रावत, नरेश सिंह, मुकेश सिंह, रजनी देवी, बबिता देवी, वीरपाल, नरेंद्र सिंह आदि ने पुलिस को पूरा सहयोग देने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here