
मुनिकीरेती के तपोवन क्षेत्र में बीती देर रात दो लोग दोपहिया वाहन सहित गहरी खाई में गिर गए। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। अंधेरा होने के कारण दोनों युवकों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और चिकित्सालय पहुंचाया।

एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि टीम को गुरुवार की देर रात सूचना मिली की तपोवन में गंगा की ओर खाई में बाइक समेत दो व्यक्ति गिर गए हैं। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रात में बारिश और अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी आई। टीम के सदस्य के सारे खाई में उतरे। किसी तरह से दोनों व्यक्तियों को गहरी खाई से निकाला गया।
रात लगभग साढ़े 11 बजे घायलों का टीम के पैरामैडिक्स अमित कुमार ने हल्का प्राथमिक उपचार दिया। 108 की मदद से दोनो को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घायलों में सौरभ श्रीवास्तव(35 वर्ष) पुत्र डीके श्रीवास्तव और रामपाल सैनी (38 वर्ष) पुत्र हरभान सैनी दोनों निवासी आइडीपीएल वीरभद्र ऋषिकेश शामिल हैं। रेस्क्यू टीम में सुरेश तोमर,संदीप सिंह,किशोर कुमार,दीपक जोशी,प्रेम सिंह,अमित कुमार दबास शामिल रहे।




