
नई दिल्ली: देशभर में 16 जनवरी से कोरोना वैक्सीन टीकाकरण का शुभारम्भ हो चुका है। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीका लगाया जा रहा है। वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में टीका लगवाएंगे। खबरों के मुताबिक, कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण इसी साल मार्च या अप्रैल में शुरू हो सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘पहला चरण खत्म होने के बाद अपनी बारी आने पर पीएम मोदी टीका लेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में कहा था कि राजनेताओं को क्रम नहीं तोड़ना चाहिए और टीका तब ही लगवाना चाहिए जब उनकी बारी आएगी।’ बता दें कि 11 जनवरी को पीएम मोदी ने कोरोनो के पहले चरण को लेकर मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी।
टीकाकरण के पहले चरण के अंदर भारत में 3 करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में उन 27 करोड़ लोगों को टीका लगाया जाएगा जिनकी उम्र 50 साल से ऊपर है या फिर जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की वजह से कोरोना का ज्यादा खतरा है। 70 वर्षीय मोदी भी इसी चरण में टीका लगवा सकते हैं। फिलहाल ये साफ़ नहीं है कि, वैक्सीन में से वह किसी एक को चुनेंगे। भारत में फिलहाल सिरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की बनाई ऑक्सफोर्ड-एस्ट्रेजेनेका की कोविशील्ड वैक्सीन और भारत बायोटेक की बनाई कोवैक्सीन को आपात इस्तेमाल की मंजूरी दी गई है।





