
पिथौरागढ़। अस्कोट के जडियागाड़ के पासएक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे में चालक समेत सात लोगों के घायल होने की खबर है। वाहन धारचूला से पिथौरागढ़ जा रहा था। दो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे का कारण पहाड़ीसे गिर रहे पत्थरों को बताया जा रहा है। 
मिली जानकारी के अनुसार धारचूला से पिथौरागढ़ आ रही मैक्स यूके 05टीए 1487 जडियागाड़ के पास पहाड़ी से आ रहे पत्थरों की चपेट में आने के कारण असंतुलित होकर पैराफिट से टकराते हुए पचास मीटर गहरी खाई में जा गिरी। पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों की चपेट में आने से चालक कमलेश कुमार गाड़ी का संतुलन नहीं संभाल सका और गाड़ी असंतुलित हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। इस दुर्घटना में कुल सात लोग घायल हुए हैं। जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें हायर सेंटर रिफर किया गया है। जबकि पांच का इलाज डीडीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायलों में गणेश भट्ट 66 वर्ष तथा चंदू राम 35 वर्ष शामिल है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डा. दीपक कृपाल, डा. बलवंत मेहरा, एसएचओ धीरेंद्र कुमार, एसएसआई अशोक धनकड़, कां. महेश डंगवाल, प्रशांत रावत आदि घायलों की मदद को मौजूद रहे।




