कोटद्वार : श्रमिक को बाघ के चंगुल से छुड़ाया, दोबारा हमला कर जकड़ लिया था पांव , हुआ फायर तब ..


उत्तराखंड के कोटद्वार में कालागढ़ टाइगर वन प्रभाग (केटीआर) के अदनाला रेंज के जंगल में गश्त करते समय एक दैनिक श्रमिक पर बाघ ने हमला कर उसे घायल कर दिया। साथ में गश्त कर रहे वन कर्मचारियों ने हवाई फायर कर श्रमिक को बाघ के चंगुल से छुड़ाया। वन कर्मचारी घायल श्रमिक को लेकर बेस अस्पताल पहुंचे। डाक्टरों ने श्रमिक की हालत खतरे से बाहर बताई है।

 बता दे कि जयहरीखाल ब्लाक के अंतर्गत ग्राम खुबाणी (ढौंटियाल) निवासी दैनिक श्रमिक संपूर्णानंद (43) ने बताया कि वह बुधवार दोपहर लगभग  डेढ़ बजे टीम लीडर वन दरोगा जितेंद्र सिंह नेगी और दो अन्य श्रमिकों के साथ कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग की अदनाला रेंज की मुंडियापाणी बीट में गश्त कर रहे थे। इस दौरान अचानक झाड़ी में छिपे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। पहली बार में हमला असफल होने पर बाघ ने उन पर दोबारा हमला कर उसके पांव को जकड़ लिया।

इस दौरान वह किसी प्रकार बाघ के चंगुल से छूट गया, लेकिन बाघ ने एक बार फिर से उस पर हमला कर उसे झाड़ी में खींचने का प्रयास किया। इस दौरान साथी वन कर्मचारियों ने शोर मचाते हुए हवाई फायर किया, जिस पर बाघ वहां से भाग गया। बाघ के हमले श्रमिक के पांव में गंभीर चोट आई। इसके बाद किसी प्रकार वे सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।

सूचना मिलते ही रेंजर नवीन जोशी वन कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल संपूर्णानंद को बेस अस्पताल कोटद्वार लेकर आए। वहीं, अदनाला रेंज अधिकारी नवीन जोशी ने बताया कि घायल को बेस अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here