उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी, इनने पदों पर जल्द भर्ती परीक्षा


देहरादून: उत्तराखंड ऊर्जा निगम में सीधी भर्ती से रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। ऊर्जा सचिव राधिका झा ने ऊर्जा निगम में रिक्त पदों को भरने के संबंध में रिक्त पदों को भरने के संबंध में बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने निगम के प्रबंध निदेशक नीरज खैरवाल को रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए।

इन पदों में अवर अभियंता और सहायक अभियंता के 105 पद खाली हैं, जिन्हें सीधी भर्ती से भरा जाएगा। इन पदों पर भर्ती परीक्षा जीबी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर कराएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय और ऊर्जा निगम के बीच शीघ्र सहमति पत्र पर हस्ताक्षर होंगे। निगम में भर्ती और पदोन्नति को समयबद्ध नहीं कराने पर विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। ऊर्जा सचिव ने कहा कि पदोन्नति के रिक्त पदों पर पात्र कार्मिकों की डीपीसी जल्द कराई जानी चाहिए।

इसके अलावा उन्होंने संविदा के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों का वेतन समय पर बैंक खाते में भुगतान करने और उनके पीएफ व ईएसआइ की राशि की नियमानुसार कटौती कर संबंधित कार्मिक के खाते में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग में कार्यरत ठेकेदारों के अधीन काम कर रहे श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी देने के साथ ही पीएफ व ईएसआइ की कटौती की कार्यवाही की सख्त हिदायत दी गई।

साथ ही अवर अभियंता और सहायक अभियंता के वरिष्ठता संबंधी हाईकोर्ट व ट्रिब्यूनल में लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही को कहा गया। मानव संसाधन कार्यालय के तहत कार्यों को गति देने के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को कामचलाऊ व्यवस्था के तहत उप महाप्रबंधक मानव संसाधन के रिक्त पद के सापेक्ष अतिरिक्त कार्यभार प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here