
नई दिल्ली से देहरादून आ रही शताब्दी एक्सप्रेस के कोच में आग लगने से हड़कंप मच गया। लोको पायलट और गार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को कांसरो रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। इसके बाद राजाजी टाइगर रिजर्व और रेलवे के अधिकारियों को किसी तरह सूचना दी गई।
बताया गया कि लोको पायलट ने आग बढ़ने से पहले ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन जंगल के बीच में ही रोक दी। तत्काल कोच सी-5 को खाली कराया गया। इसके साथ ही कोच को ट्रेन से अलग कर अन्य कोचों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस कोच सी-5 में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है बोगी में 30 से अधिक लोग सवार थे। घटना शनिवार दोपहर 12:20 बजे के आसपास की बताई जा रही है। वहीं आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।
राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र होने के कारण कांसरो में मोबाइल नेटवर्क सेवा उपलब्ध नहीं है। जिस कारण घटना की जानकारी जुटाने में समय लगा। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरा कोच आग की लपटों की चपेट में आ गया। कई लोगों का सामान इस आग में जलकर राख हो गया। जिस जगह पर यह हादसा हुआ, वहां सिर्फ वन विभाग की चौकी है।





