
कोटद्वार
राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने कहा कि यह विधानसभा चुनाव उत्तराखंड का भविष्य तय करेगा। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कांग्रेस झूठे वादे कर रही है
बुधवार को अगस्त्यमुनि, चौबट्टाखाल व कोटद्वार में आयोजित जनसभाओं में अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। कहा कि उत्तराखंड विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होने जा रहा है। लेकिन, इसके लिए आमजन को एक बार फिर भाजपा की डबल इंजन की सरकार को मौका देना होगा। कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने पर हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जायेंगे। साथ ही जिलास्तर पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जायेगी।
कहा कि प्रदेशवासियों को तय करना है कि उन्हें विकास के लिए समर्पित भाजपा सरकार चाहिए या तुष्टिकरण, भाई-भतीजावाद व भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाली कांग्रेस। कहा कि कांग्रेस झूठे वादे कर रही है। कोटद्वार में उन्होंने कहा कि कोटद्वार के विकास के लिए ऋतु खंडूड़ी जरूरी है। कहा कि ऋतु की जीत पर कोटद्वार क्षेत्र की जनता को विकास के लिए एक सांसद भी मिलेगा। कहा कि भाजपा ने मातृशक्ति को सम्मान देते हुए कोटद्वार में मातृशक्ति के रूप में ऋतु खंडूड़ी को मैदान में उतारा है।





