
देहरादून। ब्रह्मपुरी लोहियानगर में दबंगई दिखाने वाले आरोपित आसिफ कुरैशी को जमानत पर रिहाई का जश्न महंगा पड़ गया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बीते दिनों ब्रह्मपुरी में आटो को लेकर दो समुदाय के कुछ व्यक्तियों के बीच झगड़ा हो गया था। इस मामले में पुलिस ने आसिफ कुरैशी के अलावा कई व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आसिफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
शनिवार को आरोपित जब जमानत पर रिहा हुआ तो उसके समर्थकों ने उसे खुली कार में बैठाकर जुलूस निकाल दिया। जुलूस में 50 से अधिक लोग शामिल थे, लेकिन किसी ने भी मास्क नहीं पहना था। हैरानी की बात तो यह भी है कि ना तो पटेलनगर कोतवाली पुलिस और ना ही खुफिया तंत्र को जुलूस की खबर लगी। सूत्रों की मानें तो लोहियानगर में करीब आधा घंटा जुलूस निकाला गया।
देर शाम को जब जुलूस का वीडियो वायरल हुआ, तब पुलिस हरकत में आई और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने की योजना बनाई गई। बाजार चौकी इंचार्ज विवेक भंडारी ने बताया कि आसिफ कुरैशी व उसके समर्थकों के खिलाफ कोरोना कर्फ्यू के दौरान जुलूस निकालकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे व आपदा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।






