
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सत्ता में रहकर जिन्होंने राम मंदिर का विरोध किया, आज वही तिलक लगाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिलक और जनेऊ धारणकर सत्ता पाने वालों का सपना कभी पूरा नहीं होगा। वर्ष 2017 की तरह इस बार भी राज्य की जनता सही फैसला लेगी।
सोमवार को वर्चुअल जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्सर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनिदा व्यक्तियों के लिए योजनाएं बनाती थी, जबकि भाजपा ने सुदूर गांव में रहने वाले निर्धन व्यक्तियों तक योजनाओं को पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री अपने पांच माह के कार्यकाल में उन्होंने जनहित से जुड़े 500 से अधिक फैसले लिए हैं। भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने जनता की मंशा के अनुरूप उत्तराखंड बनाया था। राम मंदिर और सूबे का विरोध करने वाले कभी जनता का सपना पूरा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता 2022 के विधानसभा चुनाव में 2017 वाला निर्णय दोहराएगी।
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास का जो खाका खींचा गया, उसे प्रदेश सरकार ने पूरा कर दिखाया। कहा कि राज्य के विकास के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार जरूरी है। प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष अंबरीश गर्ग, जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चौहान व लक्सर से प्रत्याशी संजय गुप्ता ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में बसपा छोड़कर आए जसवीर सिंह बसेड़ा, चौधरी विजय पाल सिंह व कांग्रेस छोड़कर आए आनंद उपाध्याय एडवोकेट ने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ली। इस अवसर पर भाजपा चुनाव समिति के संयोजक जितेंद्र चौधरी, शोभाराम प्रजापति, सचिन अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष बिशनपाल कश्यप, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष निपेंद्र चौधरी मनजीत कौर, सविता पवार आदि शामिल रहे। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पार्टी प्रत्याशी संजय गुप्ता व अन्य कार्यकत्र्ताओं के साथ मुख्य बाजार पहुंचे तथा व्यापारियों से मिले। उन्होंने सुरक्षा, सुशासन के साथ ही भ्रष्टाचार रहित सरकार का नारा देकर सभी से भाजपा को वोट देने की अपील की।




