बड़ी खबर: सीएम त्रिवेंद्र ने दी 132 नई एम्बुलेंस की सौगात, मरीजों के लिए होंगी जीवनदायिनी साबित, कोरोना वॉरियर्स को 11-11 हजार सम्मान स्वरूप देने की घोषणा

CM

देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आज महात्मा गांधी शताब्दी नेत्र चिकित्सालय देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 के बेड़े में 132 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर शामिल किया। गांधी शताब्दी अस्पताल में 10 बेड की ICU यूनिट का भी उन्होंने लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी कोरोना वॉरियर्स को प्रमाणपत्र और 11-11 हजार रूपए की धनराशि सम्मान स्वरूप देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ बनाने को कृत संकल्प है। इसी सिलसिले में आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा 108 को प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आपातकालीन सेवा में 132 नई एम्बुलेंस के सम्मिलित होने से मरीजों को स्वास्थ्य सेवा का त्वरित लाभ मिल सकेगा। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यह सेवा मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होंगी।

सीएम त्रिवेंद्र ने कहा कि पर्वतीय इलाकों में एम्बुलेंस से मरीज को लाने में दिक्कतें होती थीं, इसे ध्यान में रखते हुए जो नई 132 एम्बुलेंस लाई गई हैं, उनमें से 96 एडवांस व 36 बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम से युक्त हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में राज्य की चिकित्सा सेवा में जबरदस्त सुधार किया गया है। 10 माह पूर्व जहां राज्य में कुल 216 ICU बेड व 116 वेन्टीलेटर्स थे, जो अब बढ़कर 863 ICU बेड व 695 वेन्टीलेटर्स हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here