
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत दिल्ली के दौरे पर हैं। वह सरकार के चार साल पूरे होने वाले कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्रियों को उत्तराखंड आने का न्योता देंगे। इसके साथ ही त्रिवेंद्र बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकारी पहले ही उत्तराखंड आने का न्योता स्वीकार चुके हैं।
बता दें कि, प्रदेश सरकार आगामी 18 मार्च को अपने चार वर्ष पूरे करने जा रही है। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रदेश के सभी विधानसभाओं में “विकास के 4 साल: बातें कम काम ज्यादा” कार्यक्रम का आयोजना होगा। जिसको लेकर प्रदेश सरकार सभी तैयारी भी कर चुकी है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत सोमवार को देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में कहा कि पार्टी के अंदर सब ठीक है। उन्होंने किसी भी तरह के परिवर्तन से साफ इंकार किया है। बंशीधर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री सामान्य तौर पर दिल्ली गए है। पार्टी में कोई कलह नहीं है। साथ ही कहा कि 2022 का चुनाव भी त्रिवेंद्र के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।





