
नैनीताल जिले में वन विभाग की दो अलग-अलग रेंज में बाघिन और गुलदार का शव मिला है। इससे वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। विभाग फिलहाल संक्रमण से दोनों की मौत होना मान रहा है।
बता दें कि तराई केंद्रीय वन प्रभाग के भाखड़ा रेंज में इन दिनों वन निगम लकड़ी ढुलान का काम करवा रहा है। एक ट्रैक्टर चालक ने पीपलपड़ाव बीट के प्लॉट नंबर 32 में पोखर के पास बाघिन का शव पड़ा हुआ देखा और अधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बाघिन को पोस्टमार्ट के लिए भेजा। एसडीओ नवीन पंत की मौजूदगी में बाघिन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बाघिन की उम्र दो साल बताई जा रही है।
वहीं, तराई पूर्वी वन प्रभाग के गौला रेंज में गुलदार का शव मिला तो अफसरों में खलबली मच गई। आंवला चौकी गेट से बीस मीटर दूर हिमालय पब्लिक स्कूल की तरफ गौला रोखड़ में शव पड़ा था। रेंजर गणेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि नर गुलदार की उम्र करीब तीन साल है। शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। नाखून व अन्य अंग भी सुरक्षित है।




