
पिथौरागढ़ में दो सौ मीटर गहरी खाई में गिरी साइकिल, एक छात्र की मौत, ट्यूशन पढ़ कर लौट रहे थे
गणाईगंगोली:
ट्यूशन पढ़ कर साइकिल से घर जा रहे दो छात्र साइकिल सहित दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर गए। एक छात्र की मौत हो गई और दूसरा छात्र गंभीर रू प से घायल हो गया।
बता दे कि गुरुवार सायं थकलानी पभ्या गांव निवासी कक्षा 11 का छात्र 16 साल कां सुमित कुमार पुत्र प्रकाश चंद्र और कक्षा नौ का छात्र 15 वर्षीय तनिश कुमार पुत्र शंकर लाल भाटगाड़ा में ट्यूशन पढ़ कर साइकिल से अपने घर को लौट रहे थे। अल्मोड़ा-बेरीनाग मार्ग पर तहसील मुख्यालय गणाईगंगोली से दो किमी दूर जोलियाखेत मोड़ पर साइकिल अनियंत्रित होकर दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। साइकिल सहित दो छात्रों के खाई में गिरते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। बचाव कार्य में जुट गई। तब तक ग्रामीणों द्वारा बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। खाई में गिरे सुमित कुमार की मौत हो गई। जबकि तनिश कुमार गंभीर रूप से घायल था। घायल को ग्रामीण तत्काल खाई से निकाल कर सड़क तक लाए। जहां से 108 वाहन से गणाईगंगोली अस्पताल लाया गया।
जोलियाखेत के जिस मोड़ के पास साइकिल खाई में गिरी इस मोड़ को खतरनाक मोड़ माना जाता है। लगभग 15 वर्ष पूर्व भी इस स्थान पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी।





