
पिथौरागढ़ के बस्ते वार्ड के एक मकान की छत पर पैराशूट के साथ उड़कर आए मोर्टार के गिरने से हल्का विस्फोट हो गया। इस दौरान मकान की छत पर खड़ीं दो महिलाएं बाल-बाल बच गईं। इनमें एक महिला की साड़ी भी जल गई। विस्फोट के चलते मकान की छत पर दरार भी पड़ गई। बताया जा रहा है कि बस्ते क्षेत्र के आसपास आईटीबीपी की ड्रिल चल रही है। वहीं से मोर्टार घर की छत तक पहुंचा।
हल्का धुआं निकला और विस्फोट हो गया
शनिवार को बस्ते वार्ड में ललित शर्मा के मकान की छत पर खष्टी देवी और सुनीता देवी बैठीं थीं। महिलाओं के मुताबिक उन्होंने आसमान में पैराशूट उड़ता देखा जो अचानक उनकी छत की ओर आ गया। छत पर गिरते ही उससे हल्का धुआं निकला और विस्फोट हो गया। इससे खष्टी देवी की साड़ी जल गई।

पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
विस्फोट की आवाज सुनकर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। रई-धनौड़ा बस्ते वार्ड के सभासद दिनेश कापड़ी ने घटना की जानकारी जाजरदेवल पुलिस और तहसीलदार पिथौरागढ़ को दी। इसके बाद पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
झूठी अफवाह फैलाई जा रही
मोटार्र के घर की छत पर गिरने की झूठी अफवाह फैलाई जा रही है। डीआईजी निरीक्षण पर आए हुए थे। एक छतरी के सहारे आवाज करने वाला पदार्थ हवा में उड़ाया गया था। हवा के तेज चलने के कारण वह बस्ते गांव तक पहुंच गया होगा। जब भी ड्रिल या फायरिंग होती है उसमें नुकसान पहुंचाने वाली चीज का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। यह सिर्फ पटाखे की डमी था और ये सिर्फ आवाज करता है।
– नरेंद्र कुमार, सीओ आईटीबीपी, पिथौरागढ़
मोर्टार को आईटीबीपी को सौंप दिया
बस्ते से लगे क्षेत्र में आईटीबीपी ड्रिल कर रही है। वहीं से मोर्टार उड़कर घर की छत तक पहुंचा। मोर्टार को आईटीबीपी को सौंप दिया गया है, जांच चल रही है।
– सुखबीर सिंह, एसपी पिथौरागढ़







