
देहरादून: सोशल मीडिया पर तैर रहा कोविड मृतकों के परिजनों की आर्थिक सहायता संबंधी फॉर्म फर्जी है। केंद्र या राज्य सरकार की ओर से अभी इस तरह का कोई लाभ नहीं दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर फॉर्म वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने इसको लेकर स्थिति स्पष्ट की है।
एडीएम गिरीश गुणवंत ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक फॉर्म तैर रहा है, जिसमें कोविड मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की बात कही जा रही है। इसमें कहा जा रहा है कि राज्य आपदामोचक निधि या राष्ट्रीय आपदा मोचक निधि के अंतर्गत आपदा के कारण मृत्यु होने पर चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा यह फॉर्म पूरी तरह फर्जी है और इस तरह की कोई भी व्यवस्था अभी प्रभावी नहीं है।







