
देहरादून: पूर्व सीएम हरीश रावत ने एक बार फिर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की तारीफ की है। हरीश रावत ने ट्वीट कर लिखा कि, ‘स्वस्थ होते ही नर्सिंग के बच्चों और विकलांगों को उपहार देना बहुत अच्छा लगा, थैंक्यू मुख्यमंत्री जी। भगत जी की अमर्यादित टिप्पणी पर खेद जताकर मुख्यमंत्री जी ने एक बहुत स्वागत योग्य, सूझ-बूझ का परिचय दिया है।’ इससे पहले भी हरीश रावत सीएम त्रिवेंद्र रावत के फैसलों को लेकर कई बार उनकी जमकर तारीफ कर चुके हैं।
स्वस्थ होते ही #नर्सिंग के बच्चों और विकलांगों को उपहार देना बहुत अच्छा लगा, #थैंक्यू_मुख्यमंत्री जी। #भगत जी की अमर्यादित टिप्पणी पर खेद जताकर मुख्यमंत्री जी ने एक बहुत स्वागत योग्य, सूझ-बूझ का परिचय दिया है, pic.twitter.com/k8KnLvBtL4
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) January 6, 2021
बता दें कि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के बोल पर मुख्यमंत्री ने इंदिरा से माफी मांगी। सीएम त्रिवेंद्र ने कहा कि, आदरणीय इंदिरा हृदयेश बहन जी, आज मैं अति दुखी हूं। महिलाएं हमारे लिए अति सम्मानित व पूज्या हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से आपसे व उन सभी से क्षमा चाहता हूं जो मेरी तरह दुखी हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के वायरल हुए एक वीडियो में भगत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष की उम्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वृद्ध नेता प्रतिपक्ष के संपर्क में अब कौन आएगा। डूबते जहाज के संपर्क में कौन आता है। भगत के इस बयान के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रियाएं आने लग गईं थी।
वहीं कोरोना को हराकर मंगलवार से काम काज शुरू करते ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पहला निर्णय नर्सिंग भर्ती के मानकों में संशोधन का लिया। मुख्यमंत्री ने नर्सिंग प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं के ज्ञापन का संज्ञान लेकर सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि आवश्यक संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र आगामी कैबिनेट में लाया जाए। जिससे नर्सिंग की भर्ती में मानकों में आवश्यक संशोधन किया जा सके और ज्यादा से ज्यादा नर्सिंग प्रशिक्षित युवा उसमें शामिल हो सकें।
इसके अलावा त्रिवेंद्र सरकार ने सरकारी आवासों के आवंटन में दिव्यांग कार्मिकों को मिलने वाला आरक्षण तीन प्रतिशत से बढ़ाकर चार प्रतिशत कर दिया है। राज्य सरकार के इस निर्णय से जाहिर तौर पर दिव्यांग कार्मिकों को अब पहले से ज्यादा संख्या में सरकारी आवास मिल सकेंगे।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने इन फैसलों के लिए भी सीएम त्रिवेंद्र की तारीफ के साथ ही आभार जताया है।






