दुःखद खबर: उत्तराखंड के जवान का असम में निधन, डेढ़ साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

रुद्रप्रयाग: देवभूमि उत्तराखंड समेत देश के लिए दुःखद खबर है। भारतीय सेना ने एक वीर जवान को खो दिया है। रुद्रप्रयाग जिले में तुंगनाथ घाटी के उषाड़ा गांव निवासी अरविंद सिंह नेगी पुत्र बलवीर सिंह नेगी की असम में निधन हो गया है। 5वीं गढ़वाल रायफल में तैनात जवान अरविन्द असम में खेलने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना द्वारा घटना के बारे में परिजनों को सूचना दे दी गई है। मंगलवार को सैनिक का पार्थिव शरीर गांव पहुंचने की उम्मीद है।

जवान के निधन की खबर सुनने के बाद से उनकी पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीँ घटना के बाद से घर, परिवार व गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, अरविंद इस साल अप्रैल में छुट्टी पर आए थे और 5 मई को ड्यूटी पर लौट गए थे। अरविन्द अपने पिता की तीन संतानों में सबसे छोटे थे। मृतक सैनिक अपने पीछे पत्नी व डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गये हैं।

साल 2010 में सेना में भर्ती हुए 29 वर्षीय अरविंद सिंह नेगी इन दिनों असम के तामुलपुर में तैनात थे। बीते 13 दिसंबर को खेलने के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। इसके बाद उन्हें सेना के अस्पताल गुवाहाटी में भर्ती किया गया था, जहां उपचार के दौरान बीते रविवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here