
देहरादून: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने तीन पदों के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन तीनों पदों के लिए परीक्षा एक ही दिन सम्प्पन कराई जायेगी।
आयोग के अनुसार, कनिष्ठ अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिकी) पुनर्परीक्षा 10 जनवरी रविवार के दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जायेगी।
वहीं 10 जनवरी को ही दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आबकारी और प्रवर्तन सिपाही की परीक्षा आयोजित की जायेगी। इन दोनों पदों के लिए एक ही संयुक्त लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है, जबकि इन पदों के लिए शारीरिक परीक्षण अलग-अलग मानकों के साथ अलग-अलग दिन आयोजित किये गये थे।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा हाल ही में पहली बार परीक्षाएं ऑनलाइन कराई जा रही हैं। हालाँकि 10 जनवरी को होने वाली ये परीक्षाएं पहले की तरह ऑफलाइन ही संपन्न कराई जायेंगी। आयोग के अनुसार, जल्द इन परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए जायेंगे।






