
नाबालिग लड़कियों से बंद कमरे में हैवानियत, बेरहमी से पीटा, वीडियो सामने आने के बाद दो अरेस्ट – ASSAULTING WITH MINOR GIRLS
देहरादून: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि कैसे कुछ लड़के कमरे में बंद कर लड़कियों को बेरहमी से पीट रहे थे. यह सभी दरिंदे लड़कियों के साथ न केवल मारपीट कर रहे थे, बल्कि उन्हें गंदी-गंदी गालियां देने के साथ ही उनके बालों तक को खींच रहे थे. हालांकि जैसे ही ये वीडियो बागेश्वर पुलिस के संज्ञान में आया उन्होंने कार्रवाई की और दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल की हवा खिलाई.
वीडियो में आरोपियों की हैवानियत साफ दिख रही है. वीडियो में दो लड़कियां हाथ जोड़कर आरोपियों से घर जाने की बात कह रही हैं, लेकिन आरोपी युवकों को उन पर कोई रहम नहीं आ रहा है. आरोपी लगातार लड़कियां से बदसलूकी करते हुए नजर आ रहे हैं. हालांकि जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ तो न सिर्फ महिला आयोग बल्कि पुलिस ने भी इस मामले का संज्ञान लिया. ये वीडियो बागेश्वर जिले का है, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो में दिख रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य महिला आयोग ने पुलिस को सोशल मीडिया पर से इस वीडियो को हटाने के निर्देश दिए हैं. ताकि भविष्य में इस वीडियो का कोई गलत इस्तेमाल न करे. साथ ही पीड़ित लड़कियों और उनके परिजनों को भी किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े.
वहीं इस मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. बाकी दो लोगों की तलाश जारी है.
उत्तराखंड के पहाड़ों में इस तरह की घटना सामने आना बेहद निंदनीय है. महिला और छात्राओं के साथ किसी भी तरह का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. वीडियो में जिस तरह से छात्राओं को पीटते हुए दिखाया जा रहा है, उससे यह साफ जाहिर होता है कि आरोपी कितने दरिंदे किस्म के हैं. मेरी पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर से बातचीत हुई है, जिसके बाद उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी.
-कुसुम कंडवाल, अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा: बागेश्वर पुलिस ने पीड़ित छात्राओं के परिजनों की शिकायत पर मारपीट और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. इतना ही नहीं दो लोगों को गिरफ्तार करके जेल भी भेज दिया है. पुलिस इस बात की जांच भी कर रही है कि आखिरकार वीडियो बनाने और वीडियो वायरल करने का क्या मकसद था?





