उत्तराखंड के जियोलॉजिस्ट की बड़ी उपलब्धि, जम्मू कश्मीर HVRA स्पेशल कमेटी में शामिल

उत्तराखंड के जियोलॉजिस्ट की बड़ी उपलब्धि, जम्मू कश्मीर HVRA स्पेशल कमेटी में शामिल

mostbet

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए खुशखबरी है. विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक, प्रतिष्ठित भू-आपदा वैज्ञानिक एवं हिमालयी आपदा अध्ययन के विशेषज्ञ प्रो एमपीएस बिष्ट को जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा गठित “हैज़र्ड, वल्नरेबिलिटी एंड रिस्क असेसमेंट (HVRA)” विषयक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति का सदस्य नामित किया गया है.

सामान्य प्रशासन विभाग, जम्मू-कश्मीर ने 6 फरवरी 2026 को जारी सरकारी आदेश संख्या 168-JK (GAD) 2026 के अंतर्गत इस महत्वपूर्ण समिति का गठन किया गया है. समिति का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश में प्राकृतिक एवं मानवजनित बहु-आपदाओं के जोखिम का वैज्ञानिक, बहुआयामी और क्षेत्र-विशिष्ट आकलन करना है. जिससे आपदा न्यूनीकरण, तैयारी और दीर्घकालिक सुरक्षित विकास की दिशा में ठोस आधार तैयार किया जा सके.

यह विशेषज्ञ समिति भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF), वनाग्नि सहित अन्य संभावित आपदाओं का विस्तृत अध्ययन करेगी. इसके अंतर्गत खतरा मानचित्रण (Hazard Mapping), जोखिम जोन निर्धारण, HVRA एटलस की तैयारी, तथा अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक रणनीतियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा. समिति की सिफारिशों को शासन, शहरी-ग्रामीण नियोजन, आधारभूत संरचना विकास और पर्यावरणीय संरक्षण से जुड़ी नीतियों में एकीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है.

हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशील भौगोलिक संरचना और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रो एमपीएस बिष्ट का अनुभव समिति के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा. हिमालयी भू-आकृतिक प्रक्रियाओं, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, और समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन पर उनके शोध और व्यावहारिक अनुभव से नीति-निर्माण को वैज्ञानिक मजबूती मिलने की अपेक्षा है.

विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं समस्त अकादमिक समुदाय ने प्रो. बिष्ट की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है. यह नामांकन न केवल प्रो. बिष्ट की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि गढ़वाल विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा, शोध क्षमता और राष्ट्रीय स्तर पर योगदान का भी प्रमाण हैं. इससे विश्वविद्यालय के छात्रों और शोधकर्ताओं को हिमालयी आपदा अध्ययन के क्षेत्र में नई प्रेरणा और अवसर प्राप्त होंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here