ग्राउंड जीरो:- कुछ ऐसी होगी चार घंटे चलने वाली अमित शाह की क्लास
रिपोर्ट कार्ड में अच्छे नंबर पाने के लिये होमवर्क पूरा करने में जुटी सरकार और संगठन
देहरादून। राजधानी देहरादून में लगने वाली भाजपा सुप्रीमो अमित शाह की क्लास पर हर किसी की नजरे हैं। चार घंटे चलने वाली इस क्लास में बहुत कुछ होगा। जीत का गुरूमंत्र तो देंगे ही साथ में वह सबसे पहले टिहरी व हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के संयुक्त त्रिशक्ति सम्मेलन (बूथ पालक, अध्यक्ष व बूथ लेवल एजेंट-2) को संबोधित करने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों से लोस चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। सूत्रों का कहना है कि त्रिवेन्द्र सरकार के साथ ही संगठन के अब तक के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी चैक सकते हैं। भाजपा सुप्रीमो अमित शाह के दौरे को देखते हुए प्रदेश भाजपा नेतृत्व इसे सफल बनाने में जुट गया है।
अमित शाह दो फरवरी को 11 बजे से तीन बजे तक देहरादून में रहेंगे। इस दौरान वह त्रिशक्ति सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही दोनों लोस क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। वह पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पार्टी के विस्तारकों से भी मुलाकात कर लोस चुनाव की तैयारियों के बारे में जानकारी लेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि त्रिशक्ति सम्मेलन में 17500 कार्यकर्ता भाग लेंगे, जो गंगोत्री से लेकर झबरेड़ा तक 28 विधानसभा क्षेत्रों के होंगे। ये विस क्षेत्र टिहरी व हरिद्वार लोस क्षेत्रों के अंतर्गत आते हैं। बताया कि सम्मेलन के संबंध में सांसदों, विधायकों, जिला व मंडल अध्यक्षों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। दूरस्थ क्षेत्रों के कार्यकर्ता एक दिन पहले दून पहुंच जाएंगे, ताकि दो फरवरी को वे तय समय पर सम्मेलन में भागीदारी कर सकें।