
चार साल की बच्ची की बेहरमी से हत्या, पिता ने ही ढूंढा बेटी का शव, संदिग्ध व्यक्ति की तलाश

हरिद्वार: शहर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. रोड़ी बेल वाला क्षेत्र से लापता हुई एक चार साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हरिद्वार सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है. एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने वारदात के जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं. बता दें कि, बच्ची का शव हरकी पैड़ी के समीप रेलवे टनल में मिला है.
गुरुवार (15 मई) को रोड़ी बेल वाला क्षेत्र में झुग्गी डालकर रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी पहुंचकर सूचना दी थी कि 13 मई से उसकी चार साल की मासूम बेटी लापता है. पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की. लेकिन शुक्रवार सुबह पिता खुद अपनी बेटी का शव लेकर पुलिस के पास पहुंचा.
पिता ने पुलिस को जानकारी दी कि वो बेटी को ढूंढते-ढूंढते हुए मनसा देवी मंदिर टनल में पहुंचा तो वहां एक कोने में बेटी का शव बरामद हुआ मिला. प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है. मासूम से दरिंदगी की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस बारे में कुछ कहा जाएगा. हालांकि, शक के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की जा रही है.
बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत मिली थी. जिसके बाद पुलिस द्वारा बच्ची की खोजबीन की जा रही थी. उन्हीं के साथ रहने वाला एक व्यक्ति फरार है. सुबह बच्ची का शव मिला है, शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रथम दृष्टया में मामला दुष्कर्म और हत्या का प्रतीक हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी सामने आएगी. पुलिस साथ में रहने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है.
प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसएसपी
वहीं मामले में हरिद्वार सीओ शिशुपाल सिंह नेगी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम में ही मौत की वजह सामने आ सकेगी और यह भी सामने आएगा कि मासूम से दरिंदगी हुई है या नहीं. एक संदिग्ध प्रकाश में आया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.



