
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा एलान : बंगाली समाज के जाति प्रमाण पत्र से हटेगा ‘पूर्वी पाकिस्तान शब्द’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा जिला ऊधमसिंह नगर में विस्थापित बंगाली समाज को जारी किए जाने वाले जाति प्रमाण पत्र से ‘पूर्वी पाकिस्तान’ शब्द हटाया जाएगा। इसका प्रस्ताव शीघ्र कैबिनेट में आएगा। उन्होंने शक्ति फार्म को उप तहसील बनाए जाने की घोषणा की।
बता दे कि बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री से सितारगंज के विधायक सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आए लोगों ने भेंट की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। शक्तिफार्म के निवासियों की प्रमुख मांग थी कि विस्थापित बंगाली समाज को जारी किये जाने वाले जाति प्रमाण पत्र से पूर्वी पाकिस्तान शब्द को हटा दिया जए। इसकी वे वर्षों से मांग कर रहे हैं। उनके द्वारा क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए शक्तिफार्म में उप तहसील की स्थापना की भी मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्थापित बंगाली समाज के लोगों को जारी किए जाने वाले जाति प्रमाण पत्र से पूर्वी पाकिस्तान शब्द हटाने के लिए प्रस्ताव शीघ्र कैबिनेट में लाया जाएगा। क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिये मुख्यमंत्री ने शक्तिफार्म में उप तहसील खोले जाने की भी घोषणा की। क्षेत्रीय लोगों के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र शक्ति फार्म का भ्रमण करने का आश्वासन दिया। विधायक सौरभ बहुगुणा ने क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं के समाधान के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
40 हजार स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा पैकेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही राज्य में 40 हजार स्वयं सहायता समूहों को अलग से पैकेज की घोषणा भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शक्ति फार्म में ग्रोथ सेंटर स्थापित करने की भी बात कही।
हमारा एजेंडा चुनाव नहीं सिर्फ विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा एजेंडा चुनाव नहीं, प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समग्र विकास है। हम घोषणाओं के साथ शासनादेश भी जारी कर रहे हैं। हमारा विश्वास कार्यों को उलझाने में नहीं सुलझाने में है।
रुद्रपुर में रहने वाले बंगाली समुदाय के लोगों में खुशी का माहौल
अब रुद्रपुर तहसील से बंगाली समुदाय के छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाणपत्र में पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) शब्द देखने को नहीं मिलेगा। तहसीलदार ने अपने विवेकाधिकार का इस्तेमाल कर छात्र-छात्राओं को ठेस ना पहुंचे, इस वजह से जाति प्रमाणपत्र से पूर्वी पाकिस्तान शब्द हटा दिया है। इससे रुद्रपुर में रहने वाले बंगाली समुदाय के लोगों में खुशी का माहौल है।
जिले में बंगाली समुदाय के लोग लंबे समय से जाति प्रमाणपत्र में पूर्वी पाकिस्तान शब्द हटाने की मांग सरकार से कर रहे हैं। लेकिन सरकार की ओर से राज्य में रहने वाले बंगाली समुदाय के लोगों के लिए शासनादेश जारी नहीं किया जा रहा है। अखिल भारतीय बंगाली एकता मंच सहित विधायक राजकुमार ठुकराल, वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार, भाजपा के उत्तम दत्ता ने छात्र-छात्राओं के प्रमाणपत्रों से पूर्वी पाकिस्तान शब्द हटाने की सरकार से कई बार पैरवी की।
बता दें कि, बंगाली समुदाय के अनुसूचित जाति की श्रेणी में आने वाले छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए जाति प्रमाणपत्र तहसील से जारी किया जाता है। जाति प्रमाणपत्र में पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) शब्द का प्रयोग होने से बंगाली समुदाय के लोगों को ठेस पहुंचती है। तहसीलदार डॉ. अमृता शर्मा ने कहा कि उन्होंने विवेकाधिकार का प्रयोग करते हुए रुद्रपुर तहसील निवासी बंगाली समुदाय के छात्र-छात्राओं के प्रमाणपत्रों से पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) शब्द को हटा दिया है। इससे छात्र-छात्राओं को काफी खुशी मिलेगी।





