
देहरादून: राजधानी देहरादून से लगे मालदेवता Maldevta disaster में आई आपदा के बाद वहां जो तबाही हुई है, इसकी एक बड़ी वजह प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) से जुड़े विभाग की लापरवाही बताई जा रही है. उसी की वजह से आपदा में इतना ज्यादा नुकसान हुआ है. इस मामले में देहरादून जिलाधिकारी आशीष श्रीवास्तव ने भी जांच के आदेश दिए हैं. बताजा जा रहा है कि हाल ही में वहां पर पीएमजीएसवाई के तहत सड़क की कटिंग हुई थी, जिसका मलबा जगह-जगह एकत्र किया गया था.
गुरुवार को जब बारिश आई तो पानी के साथ वो मलबा बहकर सड़कों से लेकर गांव तक पहुंच गया, जिससे बड़ा नुकसान हुआ है. इसको लेकर देहरादून के जिलाधिकारी डॉ आशीष श्रीवास्तव ने जांच करने का आदेश दिए हैं. डीएम ने साफ कह दिया है कि विभाग की लापरवाही उजागर होने पर कार्रवाई की जाएगी.
इस बारे में लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता डीसी नौटियाल ने बताया कि मालदेवता आपदा में हुए नुकसान की सूचना मिलने पर वर्तमान में 4 जेसीबी मौके पर भेज दी गई, जिसके बाद सड़क पर आए मलबे को हटाने का कार्य लगातार जारी है. मालदेवता क्षेत्र में शाम को तक सभी सड़कों को खोल दिया जाएगा.
डीसी नौटियाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत यहां पर रोड कटिंग की गई थी, जिसके चलते जगह-जगह मलबा इकट्ठा हो गया था. वहीं भारी बारिश के सड़क किनारे इकट्ठा मलबा बहकर सड़क और गांव के इलाकों में आ गया जिसे नुकसान हुआ है.







