
देहरादून: पौड़ी गढ़वाल की असवाल स्यूं पट्टी के सीरों गांव में 9 अप्रैल 1964 में जन्मे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज 57 साल के हो गए हैं। उन्होंने अपना जन्मदिन देहरादून के बाल वनिता आश्रम में बच्चों के साथ केक काटकर मनाया। इस दौरान बच्चों ने सीएम को जन्मदिन की बधाई दी। आश्रम में बच्चों के बीच मुख्यमंत्री ने बर्थडे केक काटा, और उन्हें फल व मिष्टान वितरित किए। यहीं आर्य समाज की पहल पर आयोजित हवन यज्ञ कार्यक्रम में भी उन्होंने प्रतिभाग किया। आश्रम के लिए सहयोग स्वरूप मुख्यमंत्री जी ने 51 हजार की धनराशि भी प्रदान की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं इनकी बेहतरी के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
सीएम तीरथ के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोकसभा स्पीकर ओम बिडला, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राजनाथ सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत, नरेंद्र सिंह तोमर, पियूष गोयल, नितिन गडकरी, हरदीप सिंह पुरी, उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, मणिपुर के सीएम एन. बिरेन सिंह, त्रिपुरा के सीएम बिप्लब कुमार देब, उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे समेत अन्य हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।






