उत्तराखंड: खेत में काम कर रही बहन ने मदद के लिए बुलाया, दुष्कर्म के बाद गला दबाकर मार डाला

लक्सर: धर्मनगरी हरिद्वार में खानपुर के गांव में चार दिन पूर्व हुई युवती की हत्या में उसके चचेरे भाई ने ही की थी। आरोपी ने पहले युवती से दुष्कर्म किया था और फिर पकड़े जाने के डर से गला दबाकर उसे मार डाला था। इस बात का दावा करते हुए शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। शनिवार को एसएसपी सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने खानपुर थाने में पत्रकार वार्ता कर बताया कि खानपुर थाने के गांव की 20 वर्षीय युवती इसी 30 मार्च की दोपहर बरसीम काटने खेत पर गई थी।

वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। अगले दिन उसका शव खेत के पास नाले के किनारे पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम के बाद युवती के भाई ने खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। स्थानीय पुलिस के अलावा रुड़की सीआईयू यूनिट को इसके खुलासे में लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने युवती के चचेरे भाई हरेंद्र पुत्र राजपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने घटना स्वीकार कर ली। एसएसपी ने बताया कि घटना के दिन आरोपी पास में ट्रैक्टर से खेत जोत रहा था।

बरसीम काटने के बाद युवती ने गठरी सिर पर रखवाने में मदद के लिए उसे बुलवाया था। तभी हरेंद्र की नीयत खराब हो गई और उसने युवती से दुष्कर्म किया। बाद में उसे लगा कि युवती घर जाकर बताएगी तो वह पकड़ा जाएगा। इसी डर से उसने गला दबाकर उसे मार डाला था। बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here