
किच्छा: ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति की हत्या से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। घटना रविवार रात की है, जब अज्ञात हत्यारों ने ग्राम अजीतपुर के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति गंगाराम की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक गंगाराम की पत्नी शांति देवी दो बार क्षेत्र पंचायत सदस्य रही हैं। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया गया है कि मृतक गंगाराम रविवार की रात लगभग 10 बजे घर से अपने ट्रैक्टर खड़े करने वाली हवेली में सोने के लिए आए थे। रात को किसी समय हत्यारों ने उनके गले से सटाकर गोली मार दी। उनके पुत्र राकेश ने बताया कि उनके पिता को गांव के ही एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी थी। उनके पिता ने इस प्रकरण में थाना पुलभट्टा पर तहरीर भी दी थी। पुलिस मामले को रंजिश मान कर जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।





