
हल्द्वानी: उत्तराखण्ड के हल्द्वानी में बीती देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ गौलापार-चोरगलिया हाईवे पर दानीबंगर के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर तोड़कर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वाहन सवार 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भिजवाया गया, जहां उपचार के दैरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि गाड़ी की स्पीड ज्यादा होने की वजह से अचानक अनियंत्रित हुई गाड़ी पेड़ से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कोर्पियो की आधी छत ही उड़ गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से पांचों युवकों को वाहन से बाहर निकल अस्पताल भिजवाया। वाहन में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। सभी जमीन का कारोबार करते हैं।
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर के मेला मैदान निवासी शैलेंद्र सिंह ने भीमताल के पास कोई जमीन खरीदी है। जमीन की नाप के लिए लेखपाल के बुलाने पर शैलेंद्र अपने साथी मिंटू गुप्ता, प्रमोद चौधरी, राजू व अवधेश गुप्ता के साथ स्कोर्पियो से भीमताल को रवाना हो गया। देर रात दानीबंगर के पास तेज रफ्तार गाड़ी चालक से नहीं संभली और यूकेलिप्टस के पेड़ से जा टकराई।
सूचना पर एसओ चोरगलिया तुरंत स्टाफ संग मौके पर पहुँच गए। जिसके बाद पांचों को गाड़ी से निकाल 108 के जरिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार के दौरान अवधेश गुप्ता व राजू ने दम तोड़ दिया। दोनों के शव मोर्चरी में रखवाया गया है। साथ ही उनके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। अब हल्द्वानी पुलिस मामले की जांच कर रही है।





