
देहरादून: उत्तराखंड का सबसे लंबा फ्लाईओवर वाहनों के लिए खोल दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 58 पर नवनिर्मित हरिपुरकलां फ्लाईओवर पर आज से वाहन फर्राटा भरने लगे हैं। फ्लाईओवर सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर वाहनों के लिए खुला। अभी देहरादून से हरिद्वार के लिए वाहनों की आवाजाही शुरु हो पाई है, जबकि हरिद्वार से आने वाले वाहनों को अभी भी पुराने रेलवे फाटक से आना पड़ रहा है। दूसरे ट्रेक पर शेष रह गए कार्य को तेजी से निपटाया जा रहा है। फ्लाईओवर के खुल जाने से आने-जाने वाले वाहन चालकों बड़ी राहत मिलने जा रही है। उन्हें अब इस क्षेत्र में जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग के नवनिर्मित हरिपुरकलां फ्लाईओवर की लंबाई करीब दो किमी है, जो प्रदेश का सबसे लंबी दूरी का फ्लाईओवर है। इस तरह त्रिवेंद्र सरकार की उपलब्धि में ये एक और नाम जुड़ गया है। रायवाला के जंगल से हरिपुरकलां मुख्य बाजार तक के इस फ्लाईओवर पर दो दिन पहले ट्रायल कर हाईवे प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। बुधवार देर रात तक कार्यदायी संस्था के मजदूर फ्लाईओवर को फाइनल टच देने में जुटे थे।
इस फ्लाईओवर से दून-हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर अब लोगों को मोतीचूर रेलवे क्रॉसिंग फाटक पर जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहन देहरादून जिले के प्रवेश द्वार सप्तऋषि चेक पोस्ट से शुरू होकर हरिपुरकलां का मुख्य बाजार, सूखी नदी और राजाजी टाइगर रिजर्व के प्रवेश द्वार और जंगल क्षेत्र को पार कराकर राजाजी के मध्य वन क्षेत्र में तीन मोरी पुलिया तक पहुंचता है।





