
पहलगाम का बदला: ऑपरेशन सिंदूर से देहरादून के युवा उत्साहित, बोले- बहुत कुछ होना बाकी –
देहरादून: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है. भारतीय सशस्त्र बलों ने आज तड़के करीब 1.30 बजे पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की. इस एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान पर 24 मिसाइल दागी गईं, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए हैं. साथ ही जैश-लश्कर का हेडक्वार्टर भी तबाह हो गया है.
पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के खिलाफ देर रात किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से देश की जनता काफी उत्साहित नजर आ रही है. ईटीवी भारत से बातचीत करते हुए देहरादून के युवाओं ने कहा कि ये अभी शुरुआत है और वो भारतीय सेना के साथ खड़े हैं. भारतीय सेना को और बड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे पाकिस्तान से आने वाला आतंकवाद समाप्त हो जाए.
ईटीवी भारत से बातचीत में स्थानीय निवासी शाकिब कुरैशी ने कहा कि ‘सरकार ने एयर स्ट्राइक के जरिए जो कदम बढ़ाया है, वो अच्छा कदम है. क्योंकि, कुछ समय पहले पहलगाम में पर्यटकों पर जो आतंकी हमला हुआ था. उसमें पर्यटकों के साथ एक नेवी के ऑफिसर भी शहीद हो गए थे. ऐसे में भारत सरकार की आतंकवाद के खिलाफ बहुत अच्छी पहल है.’ साथ ही कहा कि पूरा देश और देश के नागरिक भारतीय सेना का साथ खड़े हैं.
स्थानीय निवासी रचत अवस्थी ने कहा कि ‘पहलगाम से पहले पाकिस्तान ने जब भी भारत पर अटैक किए, उस दौरान भारत ने पाकिस्तान से दोस्ती का हाथ बढ़ाया, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ. ऐसे में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को भारत चारों तरफ से घेर रहा है, जिसमें इकोनॉमिकली, फाइनेंशियली समेत अन्य पहलू शामिल हैं
उन्होंने कहा कि ‘एयर स्ट्राइक जैसा कदम उठाना बेहद जरूरी है. इसके साथ ही जनता को मॉक ड्रिल के जरिए जागरूक किए जाने का स्टेप भी काफी अच्छा है. लिहाजा, सभी लोगों को मिलकर सरकार का साथ देना चाहिए, चाहे कोई व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल को सपोर्ट करता हो या फिर किसी भी धर्म का हो.’
स्थानीय निवासी सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा था कि आतंकियों का मटियामेट कर दिया जाएगा, वो कर दिखाया है.’ साथ ही कहा कि ‘भारत देश की लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है, न कि पाकिस्तान के साथ है. पाकिस्तान को यही चेतावनी दी गई थी कि आतंकवाद को रोके, लेकिन आतंकवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. ऐसे में भारत सरकार ने आतंकवाद को ही निशाना बनाया है.’
वहीं, स्थानीय व्यापारी विकास वर्मा ने कहा कि ‘भारत को आतंकवाद का प्रेशर पाकिस्तान की ओर से दिया जा रहा था. पहलगाम में निर्दोष, निहत्थे लोगों को नाम और धर्म पूछकर मारा गया था. जिसका कर्ता-धर्ता पाकिस्तान ही है. पाकिस्तान पहले से ही आतंकवाद का जन्मदाता रहा है. ऐसे में पाकिस्तान को मुहतोड़ जवाब देने का सही समय है. ऐसे में भारत की ओर से जो कार्रवाई हुई है, वो पर्याप्त नहीं है. बल्कि, अभी बहुत कुछ होना बाकी है.’ साथ ही कहा कि वो भारतीय सेना के प्रयासों की सराहना करते हैं.
स्थानीय निवासी सोनू कुमार ने भारत सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने जो कदम उठाए हैं, इससे पहले ऐसे कदम नहीं उठाए गए हैं. साथ ही कहा कि ‘पहलगाम में पर्यटकों पर जो आतंकी हमला हुआ था, वो ठीक नहीं था. क्योंकि, नाम और धर्म पूछकर लोगों को मारा गया था. ऐसे में भारत ने पाकिस्तान पर जो एयर स्ट्राइक किया है, वो बहुत अच्छा किया है. आगे भी पाकिस्तान को इसी तरह मुंहतोड़ जवाब मिलना चाहिए.’





