नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का आज निधन हो गया। खराब सेहत की वजह से मोतीलाल वोरा का दिल्ली के फोर्टिस एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। मोतीलाल वोरा मध्य प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वे पहली बार साल 1985-1988 तक सीएम रहे थे और फिर 1989 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। उनका कल (20 दिसंबर) को जन्मदिन भी था।
बताया जा रहा है कि मोतीलाल वोरा को दो दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले वो कोविड-19 से भी संक्रमित हुए थे। उस वक्त उनका इलाज एम्स, दिल्ली में किया गया था. इलाज के बाद वो ठीक हो गए थे और अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके थे।
मोतीलाल वोरा का जन्म 20 दिसंबर 1928 को नागौर (तब जोधपुर रियासत) में हुआ था। उनके पिता का नाम मोहनलाल वोरा और मां का नाम अंबा बाई था। उनका विवाह शांति देवी वोरा से हुआ था। उनके चार बेटियां और दो बेटे हैं। बेटा अरुण वोरा दुर्ग से विधायक हैं और वे तीन बार विधायक रह चुके हैं। 2000 से 2018 तक (18 साल) पार्टी के कोषाध्यक्ष भी रहे थे।